नहीं पहुंची एंबुलेंस नवजात की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
भरतकूप । प्रसव दर्द होने पर समय से एंबुलेंस नहीं पहुंची तो प्रसूता ने घर में ही बालिका को जन्म दिया। एंबुलेंस आने पर जच्चा-बच्चा को लेकर परिजन शिवरामपुर अस्पताल पहुंचे तो डाक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। प्रसूता की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। परिजनों ने एंबुलेंस व शिवरामपुर अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
चौकी क्षेत्र के ढोलबजा गांव निवासी रजुआ प्रसाद ने बताया कि रविवार तड़के उसकी पत्नी मनीषा को घर में तेज प्रसव दर्द हुआ। 102 एंबुलेंस को फोन किया गया। लेकिन 45 मिनट से ज्यादा समय होने के बावजूद कोई वाहन नहीं पहुंचा। प्रसूता ने घर में ही बालिका को जना। इसके बाद जच्चा-बच्चा की हालत खराब होने लगी। इस बीच एंबुलेंस आने पर दोनों को लेकर परिजन शिवरामपुर अस्पताल पहुंचे तो डाक्टर व स्टाफ ने नवजात को मृत घोषित कर प्रसूता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती प्रसूता मनीषा की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रसूता के पति ने आरोप लगाया कि समय से एंबुलेंस आती तो उसकी बच्ची की डिलेवरी अस्पताल में होती और उसकी जान बच जाती। जब शिवरामपुर अस्पताल पहुंचे तो वहा मौजूद डाक्टर व स्टाफ ने इलाज करने से इंकार कर दिया। पहले कहा कि आज रविवार है यहां इलाज नहीं होगा। जिससे देरी हुई और उसकी बच्ची की मौत हुई, पत्नी की हालत बिगड़ी। काफी देर बाद उसे रेफर किया गया। इस मामले में सीएमओ डा.राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले की कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है। एंबुलेंस व्यवस्थापकों से इस संबंध में पूछताछ की जाएगी।