चित्रकूट। प्रदेश भर में पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद सदर एसडीएम ने सीओ व नगर पालिका ईओ के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। शहर के नई बाजार व कोठी तालाब मार्ग पर अभियान के दौरान लगभग 25 किलो पॉलिथीन जब्त की गई। कई दुकानदारों को अधिकारियों ने चेतावनी दी है वहीं कुछ दुकानदारों ने इस अभियान में पक्षपात करने का विरोध भी किया।
शुक्रवार को सदर एसडीएम इंदुप्रकाश ने नगर पालिका परिषद के ईओ नरेंद्र मोहन मिश्रा व सीओ विजयेंद्र द्विवेदी के साथ पॉलिथीन विरोधी अभियान के अंतर्गत ट्रैफिक चौराहे से दुकानों में छापेमारी की। नई बाजार व कोठी तालाब की ओर कई दुकानों में जाकर अधिकारियों ने जांच पड़ताल की। प्लास्टिक सामग्री ,रेडीमेड व अन्य दुकानों में जांच पड़ताल के दौरान पॉलिथीन का प्रयोग होते पाया गया। इन दुकानों से लगभग 25 किलो पॉलिथीन जब्त की गई है। सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि अब दुबारा चेकिंग में पॉलिथीन मिली तो जुर्माना लगाया जाएगा। चेकिंग के दौरान कई दुकानदारोें ने अधिकारियों पर कुछ दुकानदारों के साथ रियायत करने का आरोप लगाया। इसे लेकर कुछ देर तक बहस होती रही। इस मौके पर खाद्य अभिहीत अधिकारी भी मौजूद रहे।
शहर के बस स्टैंड के पास एक मॉल में भी अधिकारियों ने चेकिंग की। मॉल के बाहर ही पॉलिथीन का ढेर मिला। जिस पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। मॉल के मैनेजर को चेतावनी भी दी गई है कि पॉलिथीन का प्रयोग बंद न हुआ तो ज्यादा का जुर्माना किया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि शहर के भैरोपागा मार्ग पर दो गोश्त की दुकान की जांच की गई। दुकान का पंजीयन तो मिला लेकिन गंदगी व बदबू ज्यादा पाई गई। दोनों दुकानदार को निर्देश दिए गए कि दुकान के बाहर गोश्त न रखा जाए और न ही टांगा जाए अन्यथा दुकान बंद कराई जाएगी।
अधिकारियों ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान भी चलाया। सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि नाली के पीछे तक ही दुकान लगाएं अन्यथा उन पर कार्रवाई की जाएगी।