उत्तर प्रदेश में प्रेम में छली गई एक महिला सिपाही ने जहर खाकर जान दे दी। सोमवार सुबह अस्पताल के गेट पर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
बिलारी में तैनात महिला सिपाही एक महिला का मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल आई थी। चर्चा है कटघर थाने के ही एक सिपाही से उसका अफेयर चल रहा था और सिपाही ने शादी से इनकार कर दिया था।
मूलत: बिजनौर के गांव हुसैनपुर की संगीता तोमर के पिता ऋषिपाल रिटायर्ड आर्मी मैन हैं। संगीता की तैनाती बिलारी थाने में थी।
सोमवार सुबह वह मुरादाबाद आई थी और एक घायल महिला का मेडिकल कराने जिला अस्पताल पहुंची। अस्पताल के गेट पर जब संगीता पहुंची तो उसे उल्टियां होने लगी।
अस्पताल में घायल पड़ी महिला के पिता अशफाक ने इसकी सूचना बिलारी कोतवाल को दी। इसके बाद आनन-फानन में संगीता को साईं अस्पताल ले जाया गया। दोपहर बाद बिजनौर से उसके माता-पिता और परिजन भी आए। देर शाम उसकी मौत हो गई।
एसपी देहात एके सिंह ने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक संगीता ने चूहे मारने की दवा खा ली थी। मामले की जांच की जा रही है।