पड़ोसी राज्यों के बोर्डर पर स्थित उत्तरप्रदेश के जिलों में आबकारी विभाग अब कम तीव्रता वाली सस्ती शराब पिलाएगा। ये कवायद दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के बार्डर पर स्थित जिलों में शराब तस्करी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए की जा रही है। 25 फीसदी तीव्रता वाली देसी शराब की कीमत 25-35 रुपये के बीच होगी।
प्रदेश में देसी शराब का कोटा 36 फीसदी अल्कोहल वाली शराब पर निर्धारित किया जाता है।
पिछले वित्तीय वर्ष में करीब 97 लाख लीटर का कोटा पूरा करने के लिए आबकारी विभाग ने 36 फीसदी के स्थान पर 42 फीसदी वाली देसी शराब मुहैया कराई थी। आबकारी विभाग का कोटा तो पूरा हो गया लेकिन कई आबकारी ठेकेदारों ने ने नुकसान के चलते ठेका छोड़ दिया।
वहीं शिकायत भी रही है कि शराब तस्करी के कारण उनकी बिक्री प्रभावित हो रही है। खासकर दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान बार्डर स्थित जिलों में यह समस्या अधिक रही। आगरा में देसी शराब का पाउच जहां 65 रुपये का था वहीं राजस्थान में 28 रुपये का।
इस शिकायत के बाद बार्डर स्थित जिलों के लिए आबकारी विभाग ने कम तीव्रता वाली देसी शराब लांच करने का फैसला लिया है।
विभाग 25 फीसजी तीव्रता की शराब लांच करने जा रहा है जिसकी कीमत 25-35 रुपये प्रति पाउच (200 एमएल) होगी। राजस्थान और हरियाणा में 25 फीसदी तीव्रता वाली शराब की कीमत 28-35 रुपये पाउच (200 एमएल) है। माना जा रहा है कि हरियाणा, राजस्थान के मुकाबले शराब सस्ती होने पर देसी शराब की तस्करी पर रोक लगेगी।