चकिया। स्थानीय कोतवाली के बरौझी गांव में सोमवार की रात पोल से टूट कर गिरे बिजली के तार में फंसकर बाइक सवार मगरौर गांव निवासी सुरेश कुमार बहेलिया (32) की मौत हो गई। सुरेश कुमार सिंघाडा की खेती को देखकर वापस लौट रहा था। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली गांव के मगरौर गांव निवासी भिखारी बहेलिया का बड़ा पुत्र सुरेश कुमार बहेलिया क्षेत्र के बरौझी गांव में सिंघाड़ा की खेती के लिए पोखरी ली है। सोमवार को पोखरी में सिंघाड़ा का बीज रोपने के बाद देर शाम को वह बाइक से घर वापस लौटने लगा। गांव की गली में पोल से बिजली का तार टूट कर गिरा था और उसमें करेंट प्रवाहित हो रहा था। अंधेरा होने की वजह से तार नहीं दिखा और सुरेेश उसमें फंस गया। करेंट की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने सूचना देकर बिजली बंद करा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। मंगलवार की सुबह उसके छोटे भाई संतोष बहेलिया की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना से परिवार जनों में दुख का पहाड़ टूट पड़ा। सुरेश पत्नी सुनैना बहेलिया तथा अपने पीछे 2 पुत्र दो पुत्रियां छोड़ गया। कोतवाल रहमतुल्ला खान ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद मिली रिपोर्ट के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।