पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय से धनबाद के बीच ट्रेनों की रफ्तार 130 किमी कर दी जाएगी। वर्तमान में राजधानी और दुरंतो सहित अप और डाउन की 16 ट्रेनें 130 किमी की गति से चलाई जा रही है। अब 58 एक्सप्रेस ट्रेेनों की रफ्तार बढ़ाई जाएगी। इससे पं. दीनदयाल उपाध्याय से धनबाद के बीच सफर में आधे घंटे की बचत होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पूर्व मध्य रेल में संरक्षित रेल परिचालन के लिए रेलवे ट्रैकों के नवीनीकरण एवं रख-रखाव कार्य लगातार जारी है। इसी वजह से ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़े हैं। ट्रैकों के रख-रखाव तथा संरक्षा से जुड़े अन्य कार्यों को पूरा कर लिए जाने के बाद धनबाद मंडल के प्रधानखंटा जंक्शन और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच अप लाइन एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन से प्रधानखूंटा के बीच विद्युतीकृत डाउन लाइन पर ट्रेनों की स्पीड बढ़ा दी गई है। अब लगभग 412 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड में एलएचबी रेक युक्त ट्रेनों का परिचालन 110 किलोमीटर के बदले 130 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की गति से किया जाएगा।