छठ पूजा का पोस्टर लगाते समय करेंट की चपेट में आए युवक की मौत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
धानापुर। छठ पूजा की तैयारियों के बीच दशमी पोखरा पर बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पूजा का पोस्टर लगाने के दौरान 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक गेट पर चढ़कर पोस्टर लगा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। ग्रामीण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कार्तिक उर्फ बाबू प्रजापति (18) पुत्र किशन निवासी शिवपुर आवास, वाराणसी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह दशमी पोखरा पर छठ पूजा के आयोजन की तैयारी में लगा था। इसी क्रम में गेट पर चढ़कर पोस्टर लगा रहा था। गेट के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी। पोस्टर लगाने के दौरान वह अचानक तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया। थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।