जिले से सटे चंदौली के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के पिपराही में मंगलवार की दोपहर टूटकर गिरे हाइटेंशन तार की चपेट में आकर सुभाष (23) गंभीर रूप से झुलस गया। उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान रात में मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
चोपन थाना क्षेत्र के अदलगंज निवासी सुभाष (23) का परिवार चकरघट्टा थाना क्षेत्र के पिपराही में भी रहता है। वह इंटर की पढ़ाई पूरी कर प्रयागराज के एक कॉलेज से डीएमएलटी की पढ़ाई कर रहा था। इन दिनों वह पिपराही में ही रह रहा था।
चाचा ओमप्रकाश ने बताया कि मंगलवार की दोपहर तीन बजे के करीब वह घर से पेशाब करने के लिए बाहर निकला। कुछ कदम आगे बढ़ते ही ऊपर से गुजरा हाइटेंशन तार उसके शरीर पर गिर गया। जैसे ही उसने उसे हटाने के लिए हाथ लगाया करंट की चपेट में आते ही धू-धू कर जलने लगा। आसपास के लोगों ने देखा तो बिजली निगम को सूचना दी। जब तक बिजली कटती वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि अस्पताल मेमो से मिली सूचना के आधार पर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि युवक मीटर के टूटे तार को जोड़ रहा था और उसी समय करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है।
गांव के प्रधान युसुफ मिया ने बताया कि मंगलवार की रात सुभाष घर से बाहर निकला था। उसी दौरान हल्की आंधी चल रही थी। अचानक एक तार टूट कर उसकी पीठ पर गिर गया। सुभाष ने पीछे हाथ ले जाकर तार को हटाने की कोशिश की, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल सोनभद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर उसकी माता बबुई और पिता विजय का रो रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्रीय अवर अभियंता (जेई) रविशंकर ने बताया कि मीटर का केबल टूट जाने के बाद युवक ने इसकी सूचना विभाग को देने के बजाय स्वयं तार जोड़ने का प्रयास किया।