भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार की रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के छिबरामऊ निवासी अंजू शर्मा पत्नी विपिन शर्मा के रूप में हुई है।
पति विपिन शर्मा ने बताया कि वह अपनी पत्नी, डेढ़ वर्षीय बेटे तथा छोटे भाई के साथ जहानाबाद स्थित अपनी ससुराल से घर लौट रहे थे। जिस ट्रेन के डिब्बे में वे सवार थे, उसमें काफी भीड़ थी। यात्रा के दौरान अंजू शर्मा को उल्टी होने लगी। भभुआ रोड स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन किसी कारणवश कुछ देर के लिए रुक गई। ऐसे में उनकी पत्नी उल्टी करने के लिए बोगी से नीचे उतर गईं। वह स्वयं और उनका छोटा भाई भी उनके साथ नीचे उतरे थे। इसी दौरान बगल की पटरी से गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में अंजू शर्मा आ गईं।
इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के समय उनका डेढ़ वर्षीय बेटा छोटे भाई की गोद में था, जिससे वह सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया।