चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जसौली गांव के समीप शनिवार को नेशनल हाईवे एक बाइक सवार युवक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के बाद मौके पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज आगे कार्यवाही में जुट गई।
चंदौली नगर के वार्ड नंबर 13 राजीव नगर निवासी राम दुलारे का पुत्र शशिकांत (22) अपने मित्र शशि के साथ जसौली गांव के समीप पेट्रोल पंप पर तेल लेकर सैयदराजा के लिए रवाना हुआ। तभी उसकी बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जब तक आस पास के लोग मौके पर जमा होते चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला। घटनास्थल पर एकत्रित ग्रामीणों ने सदर कोतवाली पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद उसका पंचनामा कर अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं परिजनों को घटना की जानकारी दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे विलाप करते हुए जिला अस्पताल पहुंच गए। वहीं नगरवासियों की भारी भीड़ लग गई। विदित हो कि 10 वर्ष पूर्व जिला अस्पताल के पास हाइवे पर ही सड़क दुर्घटना में मृतक के भाई रवि की मौत हो गई थी। वहीं पिता राम दुुलारे को भारी आघात पहुंचा है। पुत्र के मौत की सूचना सुन कर बेसुध हो गए। पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों ने पिता को ढांढस बधांया, लेकिन पिता के एक ही बोल निकल रहा था कि अब हमारा बुढ़ापे का कौन सहारा बनेगा। बताया जाता है कि बचे दो भाईयों में शशिकांत ही बड़ा था।