सकलडीहा। मानदेय न मिलने से नाराज रोजगार सेवकों ने शनिवार को दूसरे दिन ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मानदेय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की और होली के पहले मानदेय न मिलने पर पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। इससे पहले वे शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर भिक्षाटन कर मानदेय की मांग कर चुके हैं। वहीं संबंधित अधिकारियों ने रोजगार सेवकों को शीघ्र मानदेय के भुगतान का आश्वासन दिया है।
विकास खंड में कुल 69 ग्राम रोजगार सेवक कार्यरत हैं। बीते 28 माह से मानदेय न मिलने से उनको काफी परेशानी हो रही है। शुक्रवार को रोजगार सेवकों ने भीक्षाटन कर विरोध जताया था। इसके दूसरे दिन भी उन्होंने मानदेय के लिए विरोध जताते हुए कार्य बहिष्कार किया। संघ के अध्यक्ष भवेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा कार्य लिए जाने के बाद भी मानदेय के लिए केवल आश्वासन दिया जा रहा है। अंत में रोजगार सेवकों ने सामूहिक रूप से कलमबंद बहिष्कार के साथ इस्तीफा देने की बात कही। बीडीओ गुलाबचंद्र सोनकर ने बताया कि शीघ्र ही रोजगार सेवकों को कार्य के अनुपात में मानदेय दिलाया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में आलोक जायसवाल, सतेंद्र, मनीष, चंदन सिंह, अजीत यादव, हरेराम यादव, अभिलाषा शर्मा, प्रियंका मौर्या, विनित कुमार, पिंटू, डिंपल, मुकेश सिंह, हरिसेवक, अभय विश्वकर्मा, सरिता देवी, धर्मेंद्र त्यागी, हरिश्चंद्र भारती आदि शामिल रहे।