युवक के बारे में मीडिया को जानकारी देते पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय रेलवे पुलिस ने पीडीडीयू जंक्शन से शुक्रवार की सुबह चोरी के साठ मोबाइल फोन के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। युवक मुंबई से पश्चिम बंगाल के कोलकाता जा रहा था। वह ट्रेन बदलने के लिए रेलवे स्टेशन पर उतरा था। बरामद मोबाइल फोन की कीमत लगभग 13 लाख रुपये हैं।
पुलिस भर्ती परीक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर भीड़ को देखते हुए शुक्रवार की सुबह गश्त कर रही थी। एसआई मुन्नालाल, अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम के सदस्य सुबह साढ़े पांच बजे प्लेटफार्म संख्या एक और दो पर लगे लिफ्ट के पास पहुंचे तो पिट्ठू बैग लिए संदिग्ध युवक दिखा। उसके बैग की तलाशी लेने पर उसमें मोबाइल फोन मिले।
बड़ी संख्या में मोबाइल फोन के कागजात वह नहीं दिखा सका। उसे पकड़ कर पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया है सभी मोबाइल फोन चोरी के हैं। मुंबई और उसके पास के इलाकों में चोरी हुए मोबाइल फोन को वह कोलकाता लेकर जा रहा है।
युवक ने अपना नाम राम एकबाल चौधरी निवासी पचपकरी झिटकाही थाना ढाका, जिला मोतिहारी बिहार बताया। जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक पहले भी कई बार चोरी के मोबाइल फोन लेकर बंगाल पहुंचा चुका है। बरामद मोबाइल फोन की कीमत लगभग 13 लाख रुपये है। युवक का चालान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कहा कि युवक की गिरफ्तारी से चोरी की घटनाओं में कमी आएगी।