पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इस्टर्न बाजार स्थित होटल के एक कमरे में स्थित बाथरूम में बुधवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को शव के पास से एक खाली पुड़िया मिली । आशंका जताई जा रही है कि विषाक्त पदार्थ खाने से युवक की मौत हुई होगी।
उत्तराखंड के देहरादून का रहने वाला युवक राजीव सिंह (24) पीडीडीयू नगर स्थित एक होटल में कुक के रूप में कार्य करता था। मंगलवार की सुबह राजीव ने नगर स्थित एक अन्य होटल में कमरा बुक कराकर उसमें ठहर गया। बुधवार की सुबह होटल का सफाईकर्मी रूम की सफाई के लिए पहुंचा तो काफी खटखटाने के बाद भी राजीव ने कमरा नहीं खोला। इसके बाद शक होने पर होटल स्वामी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद कूड़ा बाजार पुलिस चौकी प्रभारी रमेश यादव पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गये। एसआई रमेश यादव ने बताया कि कमरे की दीवार तोड़कर कमरे के भीतर प्रवेश किया गया तो देखा कि युवक का शव कमरे के बाथरूम में पड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार शव के पास से एक पुड़िया भी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया और इसकी सूचना उसके परिवार वालों को दे दी। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पायेगी।