चंदौली जिले में दोस्तों के साथ एक युवक बंधी में नहाने गया था। इस दौरान गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। इस दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के झुमरिया गांव में गुरुवार को सलैया बंधी में नहाते समय 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
झुमरिया गांव निवासी शशिकांत गुरुवार को अपने बड़े भाई उमाकांत और चार दोस्तों के साथ सलैया बंधी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ नहा रहे युवकों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
इसी बीच शशिकांत के चाचा चंद्रभान ने बंधी में छलांग लगाकर उसे पानी से बाहर निकाला। ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ ने जांच के बाद शशिकांत को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता शिवानंद शिक्षामित्र हैं। बेटे की मौत से पिता शिवानंद और मां बिंदु हिरवा का रो-रोकर बुरा हाल है। शशिकांत तीन भाइयों में मझला था और कक्षा 12 में पढ़ाई कर रहा था। उसकी असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।