थाना क्षेत्र के बोझ गांव के पास भोरहरी बंधी में शुक्रवार को नहाने समय एक युवक डूब गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को ढूंढने का प्रयास किया। शाम तक युवक का पता नही चल पाया। वहीं परिजन रो रो कर बेसुध हो गए।
विज्ञापन
नौगढ़ थाना क्षेत्र के बोझ गांव निवासी अशोक (22) शुक्रवार की दोपहर गांव के बाहर भोरहरी बंधी में नहाने के लिए गया था। अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया । घटना की जानकारी होने पर गांव के कुछ लोगों ने बंधी में उतरकर अशोक को खोजने का प्रयास किया। लेकिन वे युवक को खोजने में नाकाम रहे। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अतुल प्रजापति फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी ने बताया कि बंधी में डूबे युवक पता नहीं चल पाया है। सीओ आपरेशन कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि युवक को ढूंढने के लिए एनडीआरएफ को सूचना दे दी गई है।