सकलडीहा। कस्बे में हाईवे निर्माण के तहत मंदिर, सड़क, नाला, डिवाइडर और लाइट के काम तीन साल बाद भी अधूरे पड़े हैं। इसकी शिकायतें मिलने पर बुधवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को अपने आवास पर बुलाकर जल्द से जल्द काम पूरा कराने का निर्देश दिया। कहा कि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हुआ तो कार्रवाई कराई जाएगी।
सकलडीहा में तेंदुईपुर स्थित काली माता मंदिर का काम अधूरा पड़ा है। वहीं, टिमिलपुर में मुख्यमंत्री पर्यटन योजना के तहत बनाए जा रहे गेट का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ है। इसके अलावा कई स्थानों पर डिवाइडर अधूरे हैं और बिजली के पोल भी नहीं लगाए गए हैं। हाईवे निर्माण के दौरान कई जगह हैंडपंप उखाड़ दिए गए थे, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी उन्हें दोबारा नहीं लगाया गया। कई स्थानों पर नाला निर्माण भी अधूरा पड़ा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी कार्यदायी संस्था की ओर से काम पूरा कराने में टालमटोल की जा रही थी। बुधवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार को बुलाकर सभी अधूरे कार्यों को तय समय में पूरा कराने का निर्देश दिया।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय सीमा के भीतर कार्य पूरे नहीं हुए तो कार्रवाई कराई जाएगी। एक्सईएन राजेश कुमार ने मंत्री को सभी अधूरे कार्य समय से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।