चंदौली। गाजियाबाद में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को सिविल बार और डिस्टि्रक्ट बार एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से सभा कर नाराजगी जताई। अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
सभा में सिविल बार के अध्यक्ष राकेश रतन तिवारी ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं के लिए संघर्ष करने के लिए तैयार रहने की जरूरत है। शैलेंद्र कुमार सिंह ने गाजियाबाद में मंगलवार को अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज की घटना पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने गाजियाबाद के जिला जज को निलंबित करने, दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और घटना में घायल अधिवक्ताओं को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों परकार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान इमरान सिद्दीकी, योगेश कुमार, रमाकांत पांडेय, अजय मौर्य और हरेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद थे।