रेवसा में धरना देती महिलाएं। संवाद
ताराजीवनपुर। भारतमाला परियोजना के तहत रेवसा गांव के ग्रामीणों की जमीन और मकान अधिग्रहण के खिलाफ महिलाओं का क्रमिक भूख हड़ताल सातवें दिन भी शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि शासन प्रशासन की ओर से जबरन लोगों को उजाड़ा जा रहा है। वहीं उचित मुआवजा और पुनर्वास के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया नहीं की जा रही है।
भाकपा (माले) के नेतृत्व में बस्ती बचाओ-संघर्ष समिति के बैनर तले उचित मुआवजा और जमीन व आवास देकर पुनर्वास दिए जाने की मांग पर लगभग चार महीने से ग्रामीण आंदोलनरत हैं । उन्होंने विस्थापन से पहले पुनर्वास, सरकारी जमीन का पट्टा, हटाने से पहले बसाना, शासन प्रशासन द्वारा फर्जी मुकदमा वापस लेने के लिए भूख हड़ताल किया। इस मौके पर मुन्नी, जियना, रेखा, अनीता आदि क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठी रहीं। संवाद