सकलडीहा। स्थानीय कोतवाली के ईंटवा गांव में शनिवार की सुबह शराब और चखना की दुकानों को बंद करने के लिए महिलाओं ने प्रदर्शन किया। इसके पूर्व महिलाओं ने जुलूस निकाला और तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। बाद में कोतवाली पहुंचकर पत्रक सौंपा। कोतवाल ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर महिलाओं को शांत कराया।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि ईटवा गांव में शराब ठेका के समीप सुबह से ही चखना दुकानों पर शराब की बिक्री के साथ दारू मुर्गा की दुकानें खुल जाती हैं। आए दिन दुकानदार विवाद के बाद मारपीट करते हैं। इससे आस-पास दहशत की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को शाम को एक युवक को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। नाराज महिलाओं ने चेताया कि ईंटवा गांव में सरकारी ठेका के समीप दारू मुर्गा की दुकान बंद नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। महिलाओं से ज्ञापन लेकर कोतवाल विनोद मिश्रा ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर समाजसेवी पूनम चौहान, जियाक्षी देवी, सुदामी, शकुंतला, अंजू, बदामी, सोनाली, मुन्नी, रीमा, गुड़िया, बेईला, उषा, चंद्रावती, नीलम, सीता रहे।