पति राहुल ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात करीब 11 बजे वह ड्यूटी से घर लौटा तो पत्नी इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। कई बार पानी मांगने के बावजूद उसने ध्यान नहीं दिया तो उसने मोबाइल छीन लिया और डांटते हुए भविष्य में इंस्टाग्राम न चलाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद वह खाना खाकर छत पर सोने चला गया।
राहुल के अनुसार, रात करीब 12 बजे बेटे के रोने की आवाज सुनकर वह नीचे आया। पत्नी को कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसने दरवाजा तोड़ दिया।
अंदर पहुंचने पर रोशनी का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसने पत्नी के मायके वालों और पुलिस को सूचना दी। राहुल का कहना है कि पत्नी के इंस्टाग्राम की लत ने उसका परिवार उजाड़ दिया। अब 11 माह के बेटे की परवरिश कैसे होगी, यही चिंता उसे खाए जा रही है।
विवाहिता के शरीर पर चोट के निशान का दावा: मृतका के पिता कपिल देव प्रसाद ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि मौके पर पहुंचने पर बेटी के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए। आरोप है कि पति राहुल और उसके परिवार के लोगों ने दहेज के लालच में रोशनी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।