अमिलाई गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान अमरदेव यादव उर्फ नेमी और आगामी पंचायत चुनाव में प्रधान पद के संभावित दावेदार मंटू उर्फ शशिकांत के बीच पहले से चुनावी रंजिश चली आ रही थी। रविवार को मंटू बाइक से बाजार जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से कार से आ रहे प्रधान के पुत्र आदर्श की कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान प्रधान नेमी यादव की लाइसेंसी पिस्तौल उनकी धोती से निकलकर सड़क पर गिर गई।
आरोप है कि प्रधान के बेटे आदर्श ने तत्काल पिस्तौल उठा ली और मंटू उर्फ शशिकांत की ओर तानते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप यह भी है कि उसने पिस्तौल के बट से प्रहार कर उन्हें घायल करने का प्रयास किया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान मौजूद एक ग्रामीण ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद बलुआ पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर लाइसेंसी पिस्तौल कब्जे में ले ली। पुलिस ने आरोपी आदर्श को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए बलुआ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी को लाइसेंसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जा रही है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।