क्षेत्र के काजीपुर गांव स्थित इंटर कालेज पर यूपी बोर्ड का परीक्षा दे रहे इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों ने शनिवार की शाम 6 बजे नगर के नेशनल इंटर कालेज के सामने विद्यालय प्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परीक्षार्थियों का आरोप था कि उनसे सुविधा शुल्क के रूप में 500 रुपये मांगा जा रहा है। वहीं इस बाबत डीआईओएस मालती राय ने फोन पर छात्रों के आरोपों की जांचकर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया तब जाकर छात्र शांत हुए ।
नगर के नेशनल इंटर कालेज के इंटरमीडिएट छात्रों का परीक्षा केंद्र काजीपुर गांव स्थित डा भीम राव अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पर गया है।
शनिवार की दोपहर गणित द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा समाप्त होने पर छात्रों की भीड़ नगर के जी टी रोड स्थित नेशनल इंटर कालेज के समीप पहुंचकर काजीपुर के विद्यालय प्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधक द्वारा सुविधा शुल्क के नाम पर 500 सौ रुपये की मांग की जा रही है जिसका विरोध करने पर छात्रों को प्रताड़ित भी किया जा रहा है। इससे उग्र छात्रों ने इसकी शिकायत स्थानीय थाने पर भी की। इस पूरे मामले पर डीआईओएस मालती राय ने बताया की यदि छात्रों की ऐसी शिकायत है तो इस पर जांच कराकर उचित कार्यवाही की जाएगी। वहीं दूसरी ओर डा. भीम राव अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक गंगा यादव ने बताया कि छात्रों का आरोप सरासर गलत है। परीक्षा में कड़ाई करने के कारण ऐसी हरकतें की जा रही है ।