पीडीडीयू नगर। सावन समाप्त होते ही त्योहारी सीजन की शुरुआत हो गई है। शारदीय नवरात्र, दशहरा, दीपावली, डाला छठ और कार्तिक पूर्णिमा तक पूर्वांचल में त्योहारों की रौनक बनी रहती है। इस दौरान महानगरों में काम करने वाले बड़ी संख्या में लोग घर लौटते हैं, जिसके चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। इस बार त्योहारी भीड़ का असर अभी से दिखने लगा है और कई ट्रेनों में दो माह पहले ही सीटों को लेकर मारामारी की स्थिति बन गई है।
इस साल शारदीय नवरात्र 22 सितंबर से शुरू हो रहे हैं, जबकि दुर्गा पूजा 28 सितंबर से प्रारंभ होगी और दशहरा दो अक्तूबर को मनाया जाएगा। दुर्गा पूजा के दौरान पश्चिम बंगाल, जम्मू के वैष्णो देवी धाम, मैहर देवी, कामाख्या देवी जैसे प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर बुकिंग की जांच करने पर पता चला कि 22 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से हावड़ा जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस, पंजाब मेल, जोधपुर एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, चंबल एक्सप्रेस, नेताजी एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस में स्लीपर और इकॉनमी क्लास में लंबी वेटिंग है। वहीं सियालदह राजधानी एक्सप्रेस, हावड़ा राजधानी, गर्बा एक्सप्रेस में केवल दो-तीन सीटें उपलब्ध हैं, जो एक-दो दिन में भरने की संभावना है।
इसी तरह पीडीडीयू जंक्शन से दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, नीलांचल, महानंदा, पूर्वा और जोधपुर एक्सप्रेस में भी दस से अधिक वेटिंग टिकट हैं। नई दिल्ली से पीडीडीयू आने के लिए बाबा धाम हमसफर एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और पूर्वा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में कम सीटें उपलब्ध हैं।
अभी कई ट्रेनों में सीट उपलब्ध है और यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जा रही है। त्योहार नजदीक आते ही अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर विशेष ट्रेनों की घोषणा भी की जा सकती है।-विश्वनाथ, मंडल जनसंपर्क अधिकारी