पंचायत चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को जनपद के शहाबगंज और नौगढ़ ब्लाक में वोट पड़ेंगे।
दोनों
ब्लाकों में जिला पंचायत सदस्य की पांच सीटों पर सौ प्रत्याशी मैदान में
हैं। जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 114 सीटों के लिए मतदान होना है।
दोनों ब्लाकों में कुल 149 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां 164117 लोग
मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले
जाएंगे।
इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए
हैं। गौरतलब है कि दोनों ब्लाकों पर क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए कुल 744
उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
जिसमें नौगढ़ की 40 सीटों पर 287 तथा शहाबगंज
की 74 सीटों पर 457 लोग मैदान में हैं। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने
बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए शहाबगंज ब्लाक क्षेत्र में कुल 177 तथा
नौगढ़ में 115 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
इस दौरान कानून व्यवस्था को बनाए
रखने के लिए नौगढ़ व शहाबगंज में 11-11 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की
गई है, जो मतदान केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेंगे।
बताया कि
सीडीओ एमपी सिंह की निगरानी में गुरुवार को शहाबगंज व नौगढ़ ब्लाक पर
पोलिंग पार्टियां देर शाम पहुंच गईं। इसकी रिपोर्ट सेक्टर मजिस्ट्रेट के
माध्यम से प्राप्त की गई।
डीएम ने अफसरों को निर्देश दिया कि चुनाव में
विघ्न डालने वाले, मतपेटिकाओं के साथ खिलवाड़ करने व मतदाताओं को
डराने-धमकाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए,
ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
कहा कि यदि
मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि में मतदाता के अलावा कोई अन्य व्यक्ति
दिखाई दे, तो उसे तत्काल जेल भेजें। निर्देश दिया कि पीठासीन अधिकारी हर
हाल में सुबह सात बजे मतदान शुरू करा दें।
चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को
जिला मुख्यालय पर पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाहाबाद से आए होमगार्डों
को मतदान केंद्रों पर भेजा गया। इसके चलते पुलिस लाइन कार्यालय के बाहर
होमगार्डों की भारी भीड़ लगी रही।