पीडीडीयू नगर। कोरोना का प्रभाव कम होने के बाद अब पर्यटकों को घूमने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में इंडियन रेलवे कैटरिंग टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने आस्था स्पेशल ट्रेन चला रही है। इस ट्रेन से यात्री नौ सौ रुपये प्रतिदिन खर्च कर वाराणसी के साथ ही दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों का भ्रमण कर सकते हैं। चौदह दिवसीय यात्रा वाली ट्रेन 20 अक्तूबर को राजगीर से खुलेगी।
आईआरसीटीसी के रिजनल मैनेजर राजेश कुमार, एरिया आफिसर अमित प्रकाश, मनीष कुमार और संजीव कुमार ने बताया कि आस्था स्पेशल ट्रेन श्रद्धालुओं को भारत के धार्मिक स्थलों का दर्शन कराएगा। आस्था स्पेशल ट्रेन में श्रद्धालुओं को कम बजट में बढि़या पैकेज दिया जाएगा। यह ट्रेन बीस अक्तूबर को बिहार के राजगीर से खुलेगी। नालंदा, बिहार शरीफ, बख्तियारपुर, पटना, आरा बक्सर, दिलदारनगर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए तिरूपति (बालाजी), मदुरई (मिनाक्षी मंदिर), रामेश्वरम, कन्या कुमारी, त्रिवेंद्रम (पद्मनाभ स्वामी मंदिर) और काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कराते हुए दो नवंबर को वापस लौटेगी। यह पूरी यात्रा 13 रात और 14 दिन का होगा। इसका कुल किराया सभी कर सहित 13 हजार 230 रुपये प्रति यात्री होगी। इस पैकेज में पर्यटकों के लिए स्लीपर क्लास से यात्रा, शाकाहारी भोजन, घूमने के लिए बस, रहने के लिए धर्मशाला, प्रत्येक कोच में सिक्युरिटी गार्ड एवं टूर स्कार्ट, मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था होगी। इसके लिए बुकिंग शुरू हो गई है। यात्री बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी के वेबसाइट पर जाकर अथवा आईआरसीटीसी के अधिकृत एजेंट से बुकिंग करा सकते हैं। यात्रा की बुकिंग अथवा जानकारी बिस्कोमान टावर, पश्चिमी गांधी मैदान पटना स्थित कार्यालय से भी प्राप्त कर सकते हैं।