चंदौली। जिले में ब्लॉक प्रमुख का चुनाव शनिवार को संपन्न हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तरह भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी अपना परचम लहराया। जिले के नौ ब्लॉकों में से चार निर्विरोध संग आठ ब्लॉकों पर भाजपा के समर्थित प्रत्याशियों ने विजय हासिल की। वहीं सपा को मात्र एक सीट से ही संतोष करना पड़ा।
ब्लॉक प्रमुख पद के लिए जिले के नौ ब्लॉकों में आठ जुलाई को नामांकन हुआ। नौगढ़ में प्रेमा कोल, चकिया में शंभुनाथ यादव, शहाबगंज में गीता देवी और धानापुर में अजय सिंह ने भाजपा के समर्थन में नामांकन किया। इन चार ब्लॉकों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के अलावा किसी और ने पर्चा नहीं भरा। चारों निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसके बाद पांच ब्लॉक में 15 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। नौ जुलाई को सकलडीहा, बरहनी और चहनिया से तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। बचे 12 प्रत्याशियों के बीच ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शनिवार को मतदान हुआ। काफी गहमागहमी के बाद शाम करीब चार बजे आए परिणाम में भाजपा ने पांच में से भी बरहनी, सदर, चहनियां और सकलडीहा सहित चार सीटों पर जीत हासिल की। वहीं सपा को केवल नियामताबाद सीट से संतोष करना पड़ा। बरहनी से भाजपा की सुनीता देवी, सकलडीहा से भाजपा के अवधेश सिंह, सदर से भाजपा के संजय सिंह और चहनिया से भाजपा के अरुण कुमार जायसवाल ने जीत हासिल की। वहीं पूर्व सांसद रामकिशुन यादव की बहू (छोटे भाई की पत्नी) कमला देवी ने सपा के समर्थन में नियामताबाद ब्लॉक में जीत हासिल की।