Chandauli News: चंदौली जिले में युवक की हत्या से नाराज ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया। जलीलपुर पुलिस चौकी का घेराव कर आरोपी की गिरफ्तारी करने की मांग की। इस दौरान अधिकारियों के काफी समझाने पर लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
चंदौली जिले के बहादुरपुर निवासी रोहित साहनी की हत्या के बाद हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग के साथ परिवार वालों के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने सोमवार को जलीलपुर पुलिस चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने खूब नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे सीओ और कोतवाली प्रभारी ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। वहीं दूसरी तरफ हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रही।
विज्ञापन
मृतक रोहित साहनी के परिजन ग्रामीणों संग सोमवार की सुबह जलीलपुर चौकी पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों को प्रदर्शन करता देख पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह मौके पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने लोगों को समझा- बुझाकर शांत कराया। मृतक की पत्नी साधना साहनी ने हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं उसकी छोटी बहन पूनम साहनी ने कहा कि अभी तक हत्यारोपी नहीं पकड़े गए हैं, हम लोगों को इंसाफ नहीं मिल रहा है। इसे लेकर 35 मिनट तक लोग प्रदर्शन करते रहे।