चंदौली। सदर विकासखंड के ग्राम सोहदवार में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पिछले तीन महीने से राशन नहीं मिलने से नाराज कार्डधारकों ने सोमवार को गांव में धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कोटेदार पर मनमानी का आरोप लगाया।
धरने पर बैठे ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 90 दिनों से उन्हें सरकारी सस्ता गल्ला दुकान से अनाज नहीं मिल रहा है। लाभार्थियों के अनुसार वे हर महीने दुकान पर पहुंचते हैं, लेकिन कभी स्टॉक खत्म होने तो कभी ई-पॉश मशीन खराब होने का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार बिना राशन दिए ही ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवा लिया जाता है। विरोध करने पर कोटेदार द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है।