कंदवा। कोविड-19 की जांच में ग्राम प्रधानों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। ग्राम प्रधान गांव के लोगों को जागरूक करना तो दूर अपनी भी जांच नहीं करा रहे हैं। यह आरोप कोविड-19 की जांच के लिए सोमवार को कंदवा व कंजेहरा गांव में पहुंचे स्वास्थ्यकर्मियों ने लगाया।
कहा कि स्थानीय ग्राम प्रधानों द्वारा खुद का जांच कराना तो दूर गांव के अन्य लोगों को भी जांच के लिए प्रेरित भी नहीं किया जा रहा है जिससे जांच की संख्या में कमी आ रही है। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य महकमा ज्यादा से ज्यादा लोगों का एंटीजन किट से जांच करने में जुटा हुआ है। क्षेत्र के गांवों में दो अलग-अलग टीमों द्वारा प्रतिदिन सैंपल की जांच की जा रही है। सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी की एक टीम कंजेहरा व कंदवा गांव में पहुंची हुई थी। दोनों जगहों पर कुल 75 लोगों की जांच की गई जिसमें 25 लोगों का सैंपल जिला अस्पताल भेजा गया है। जांच टीम का कहना था कि दोनों गांव के ग्राम प्रधानों ने जहां खुद के सैंपल की जांच कराना उचित नहीं समझा वहीं गांवऌ के अन्य लोगों को भी जांच के लिए प्रेरित नहीं किया। स्वास्थ्य टीम की मानें तो एक ग्राम प्रधान सर्दी जुकाम से पीड़ित भी थे। ऐसे में उनको सैंपल जांच की आवश्यकता थी। जांच टीम में संजय, विनय, विक्रांत, अभिमन्यु सहित आशा व एएनएम शामिल रहीं।