सैयदराजा। बरहनी विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा तेन्दुहान की विभिन्न समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन कर नाराजगी जताई ग्रामीणों ने कहा कि साफ-सफाई के अभाव में नालियां बजबजा रही है वहीं उससे उठने वाली दुर्गंध से लोगों को जीना मुहाल हो गया है। साथ ही गांव की सड़कों की हालत भी काफी खराब है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्रामसभा की सड़क व साफ सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं के निराकरण के लिए कई बार अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन कोई भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। आरोप लगाया कि गांव में अधिकारियों के अनदेखी से विकास कार्य धरातल तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस दौरान युवा संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक शैलेन्द्र पांडेय ने कहा कि जब तक जनता संघर्ष नहीं करेगी तब तक गाँव की समस्या इसी तरह बनी रहेगी। कहा की क्षेत्र में गलियों, सड़क की स्थिति बदतर है। साफ-सफाई के अभाव में ग्रांव में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। इस दौरान सत्येंद्र उपाध्याय, कबूतरा देवी, अरविंद कुमार प्रजापति, रामलखन प्रजापति, प्रमोद, महेंद्र, हिरामन, योगेन्द्र प्रजापति अध्यक्षता रजनी कांत पाण्डेय व संचालन रामानन्द सिंह यादव ने किया।