इलिया। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इलिया कस्बा से सटे बॉर्डर के गांवों में स्थानीय थाना पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। पुलिस बल ने मालदह पुल, पतेरी मोड़ और कारवांडिया मोड़ सहित सीमा से लगे अन्य इलाकों में चक्रमण किया।
चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों या संदिग्ध आवाजाही पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने बॉर्डर इलाकों में वाहनों की जांच-पड़ताल की। पुलिसकर्मियों ने राहगीरों से पूछताछ करते हुए आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस हर स्तर पर मुस्तैद है और सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
थानाध्यक्ष अरुन प्रताप ने बताया कि बॉर्डर से अवैध शराब, हथियार या नकदी के आवागमन को रोकने के लिए टीम पूरी चौकसी बरत रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि बिहार विधानसभा चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सके।