ग्रामीणों की समस्याएं सुनते कमिश्नर
कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने शुक्रवार को क्षेत्र के लोहिया समग्र ग्राम जफरपुर में चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का सत्यापन ग्रामीणों से पूछ पुछकर किया।
इस दौरान गांव के 56 बीपीएल कार्डधारकों में से 50 को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए गए। वहीं कमिश्नर ने बिजली विभाग को सोमवार को गांव में कैंप लगाकर अन्य बीपीएल कार्डधारकों को कनेक्शन देने का निर्देश दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने मात्र चार घंटे बिजली मिलने की शिकायत की। साथ ही गांव को अलीनगर स्थित विद्युत उपकेंद्र से जोड़ने की मांग की। इस दौरान कमिश्नर ने गांव के तीन आंगनबड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया।
इसी तरह 12 सोलर लाइट, 110 शौचालयों और 62 लोहिया आवासों, सीसी रोड, 94 वृद्धा पेंशन व 34 किसानों के क्रेडिट कार्ड का सत्यापन भी किया। कौशल विकास प्रशिक्षण के तहत गांव के कुल 11 युवाओँ को प्रशिक्षण दिया गया है। जनचौपाल के दौरान बच्चों ने आरोप लगाया कि संस्थान द्वारा मात्र एक माह ही प्रशिक्षण दिया गया। इस पर जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने सेवा योजन अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रेषित करने का निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने गांव में स्थित राममूरत यादव की मिनी कामधेनु डेयरी का भी अवलोकन किया।
साथ ही कृषि विभाग द्वारा मृदा परीक्षण के लिए इकट्ठा की गई मिट्टी को भी देखा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एमपी सिंह, जिला कृषि अधिकारी कमलजीत सिंह, परियोजना अधिकारी चंद्रमौली मिश्रा, सीएमओ आरएन सिंह, सीओ प्रमोद यादव व ग्राम प्रधान चंद्रजीत यादव आदि उपस्थित रहे।