धीना। बरहनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से वैक्सीनेशन हो जाने का गलत मैसेज पहुंचने से लोग पेशोपेश में पड़ गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना वैक्सीनेशन किए स्वास्थ्य विभाग सरकार को गलत आंकड़ा देकर वाहवाही लूट रहा है। कई ऐसे लोगों के मोबाइल पर कोरोना की वैक्सीन लगने के संदेश आ रहे हैं जिन्होंने टीका लगवाया ही नहीं है।
इसका आरोप लगाते हुए विकासखंड बरहनी के पिपरदहां गांव निवासी अखिलेश यादव ने बताया कि उनका रजिस्ट्रेशन नंबर 34641443857384 है। अभी तक उन्हें दूसरा डोज नहीं लगा है। इसके बावजूद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी की एएनएम रीना यादव की ओर से एक जनवरी 2022 को ही दूसरा डोज लग जाने का मैसेज उनके मोबाइल पर आ गया। जिसे देख कर वे हैरान रह गए। जानकारी करने पर पता चला कि स्वास्थ्य विभाग सरकार को गलत आंकड़ा प्रस्तुत कर वाहवाही लूटने का काम कर रहा है। ऐसा ही वाकया पिपरदहां गांव निवासी महेंद्र यादव व रूबी के साथ भी हुआ है। उनके मोबाइल पर बिना वैक्सिंग लगवाए ही मैसेज आ गया है। ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग की गलत नीतियों से आक्रोश व्याप्त है।