पीडीडीयू नगर। नगर के लोको कालोनी में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल अस्पताल में रेलकर्मी को आनफिट न किए जाने से नाराज होकर रेलकर्मी के परिजनों ने हो हल्ला किया। चिकित्सक कक्ष के बाहर हल्ला किए जाने से अस्पताल में हड़कंप मच गया।
सेंट्रल कॉलोनी निवासी एक रेलकर्मी लंबे समय से बीमार चल रहा है। उसने नौकरी से अनफिट करने के लिए आवेदन किया था। इसके लिए चिकित्सकों की टीम ने जांच पड़ताल की लेकिन उसे अनफिट नहीं किया। इससे नाराज होकर रेलकर्मी के पुत्र सहित अन्य युवाओं ने बृहस्पतिवार की दोपहर अस्पताल में पहुंचकर एक चिकित्सक के कक्ष में पहुंच कर खूब हो हल्ला किया। आरोप लगाया कि चिकित्सक अनफिट करने के लिए पैसे मांगे और पैसा न देने पर अनफिट नहीं किया। मौके पर मौजूद अन्य चिकित्सा कर्मियों ने समझा बुझाकर युवाओं को शांत कराया।