यूपी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन बुधवार को स्थानीय डीपीआरसी (जिला पंचायत संसाधन केंद्र) पर प्राविधिक शिक्षा व उपभोक्ता मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि चंदौली–मिर्जापुर औद्योगिक गलियारा बना कर पूरे क्षेत्र का विकास किया जाएगा।
कहा कि प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। इसे और तेज किया जाएगा। इसके पूर्व मुख्य अतिथि मंत्री आशीष पटेल ने समारोह के दूसरे दिन की शुरूआत की। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र थमाया।
मुख्य अतिथि आशीष पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले आठ वर्षों में जनहित में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण समाज के सभी वर्गों को विकास का लाभ मिल रहा है।
कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीबों, किसानों एवं युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कहा कि चंदौली में औद्योगिक क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यह जनपद आगे चल कर मिनी नोएडा के नाम से पहचाना जाएगा।
सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार महिलाओं को सशक्त और आत्म निर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है। इसके पूर्व सेवा, सुरक्षा व सुशासन के 8 वर्ष, पुस्तक का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, सीडीओ जगत साई, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, सीएमओ डॉ. वाईके राय, डीडीओ सपना अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा, एसडीएम अविनाश कुमार, बीएसए सचिन कुमार, बीडीओ शरद शुक्ला आदि मौजूद रहे।
जो जैसा चश्मा पहनता है, उसे वैसा ही दिखता है
सपा नेता अखिलेश यादव को अपना चश्मा बदलने की जरूरत है। जो जैसा चश्मा पहनता है, उसे वैसा ही दिखता है। ये बातें प्राविधिक शिक्षा व उपभोक्ता मंत्री आशीष पटेल ने जिला पंचायत संसाधन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहीं।
आशीष पटेल ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के योगी सरकार ने 8 साल में यूपी को बर्बाद कर दिया के बयान का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में यूपी में जो विकास कार्य हुए हैं, वे अखिलेश को दिखाई नहीं दे रहे हैं।
मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी के एक इंटरव्यू का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम का यह कहना कि यूपी में हिंदू जितने सुरक्षित हैं, उतने ही मुस्लिम भी सुरक्षित हैं, प्रदेश के लिए गौरव की बात है। क्रिकेटर मोहम्मद शमी की बहन और बहनोई को मनरेगा का लाभ मिलने के मामले पर मंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच होगी। उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
199 लाेगों को मिली होम्योपैथ की दवाएं
प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूरे होने आयोजित समारेाह में सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी के लिए स्टाल लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर दो दिन में लगभग डेढ़ सौ लोगों के शुगर की जांच कर दवाएं दी गई।
आयुर्वेद विभाग व होमियोपैथी के स्टाल से 199 लोगों ने दवा वितरण किया गया। दो दिन में 349 लोगों ने स्वास्थ्य जांच के साथ दवा वितरण किया गया। इस दौरान डाॅ. रविकांत सिंह, डाॅ. शशिभूषण सिंह, डाॅ. उज्ज्वल, डाॅ. बालमुकुंद, डाॅ. पुषा, डाॅ. संदीप गौतम, गंगा राम यादव आदि उपस्थित रहे।