पीडीडीयू नगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की इंप्रूवमेंट-कंपार्टमेंट व इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा 26 जुलाई को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में होगी। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। प्रवेश पत्र ऑनलाइन उपलब्ध है। डीआईओएस के माध्यम से स्कूलों में भेजे गए हैं। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रश्न पत्र स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखे गए हैं।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए जिले में 60560 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें हाईस्कूल के 30845 व इंटरमीडिएट के 29715 विद्यार्थी शामिल थे। इनमें से हाईस्कूल की परीक्षा में 28264 और इंटरमीडिएट में 27937 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए। बीते अप्रैल महीने में आए नतीजों में हाईस्कूल के 24303 व इंटरमीडिएट के 18354 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। हाईस्कूल के 6542 और इंटरमीडिएट के 6319 विद्यार्थियों समेत कुल 11361 बच्चे फेल हो गए थे। शुक्रवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा में कुल 952 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल की परीक्षा में 445 और इंटरमीडिएट में 507 विद्यार्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे।