चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र में ईदगाह के पास अराजक तत्वों ने शनिवार को एक कार का शीशा तोड़ दिया। जानकारी होने पर वाहन स्वामी और अन्य लोगों ने हंगामा करते हुए विरोध शुरू कर दिया। इससे कुछ देर के लिए चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर पहुंचे सदर कोतवाल संजय कुमार सिंह लोगों को समझाकर शांत कराया।
नगर क्षेत्र में स्थित ईदगाह पर शनिवार की सुबह बकरीद की नमाज अदा की जा रही थी। नमाज अदा करने के लिए कार से सदर कोतवाली के बिछियां गांव निवासी मोहम्मद हबीब का परिवार गया हुआ था। उन्होंने अपनी कार चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर एक बैंक की शाखा के पास खड़ी कर दी और नमाज पढ़ने चले गए। नमाज खत्म होने के बाद जब वे लौटे तो कार का अगला व पिछला और बगल का शीशा टूटा हुआ था। वहां तैनात पुलिस कर्मियों को पता तक नहीं चला। इसके बाद कार से आए लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा होने पर लोगों की भीड़ जुट गई। इससे मार्ग पर जाम लग गया। उधर, सूचना पर सदर कोतवाल संजय कुमार सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस क्षतिग्रस्त कार को कोतवाली ले आई और मामले की जांच में जुट गई। लोगों का कहना था कि पुलिस और पीएसी की तैनाती के बाद भी वहां अराजक तत्व कार का शीशा तोड़कर भाग गए और पुलिस को पता तक नहीं चला। उधर, वाहन स्वामी के बेटे अरमान अली ने बताया कि वे लोग गाड़ी खड़ी करके नमाज पढ़ने चले गए। जब लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ था। उन्होंने कार का शीशा तोड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल संजय कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।