चंदौली-सैदपुर वाया सकलडीहा मार्ग को करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट हाईवे बनाया जा रहा है। कुल 30 किलोमीटर लंबी यह सड़क करीब तीन वर्षों से निर्माणाधीन है। कस्बे में सड़क निर्माण का कार्य जगह-जगह अधूरा पड़ा है।
सघन तिराहे पर कमालपुर और धानापुर जाने वाले मोड़ पर सड़क की ढलाई का कार्य अधूरा होने से यह मार्ग लंबे समय से वन-वे बना हुआ है। धानापुर, कमालपुर और चहनिया का यह मुख्य मोड़ होने के कारण यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं।
कस्बा के मंटू मिश्रा, संदीप गुप्ता, गोलू यादव, सचिन पांडेय आदि ने बताया कि अधूरी सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बीते दिनों एक ट्रेलर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा कई लोग अलीनगर और सघन तिराहा पर चोटिल हो चुके हैं। एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि कार्यदायी संस्था को शीघ्र सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।