पीडीडीयू नगर। नगर के गया कॉलोनी स्थित डीएफसीसी कार्यालय के सभागार में ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के प्रगति की समीक्षा बृहस्पतिवार को डीएफसीसी डायरेक्टर प्रोजेक्ट प्लानिंग पंकज सक्सेना ने की। इस दौरान उन्होंने बताया कि एक सितंबर से डीएफीसीसी लाइन पर प्रतिदिन बीस मालगाड़ियों का परिचालन किया जाएगा। मालगाड़ियों को 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा। इससे व्यापारियों को अपना सामान भेजने के लिए मालगाड़ियों का इंतजार नहीं करना होगा।
बैठक में पंकज सक्सेना ने अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने मालगाड़ियों के परिचालन में कोई बाधा न आए इसके लिए पीडीडीयू डीएफसी यार्ड में लूप लाइन का भी निर्माण कराने का निर्देश दिया। कहा कि इससे फ्रेट कारिडोर पर परिचालन के दौरान जल्द नष्ट होने वाली सामग्रियों को विशेष वरीयता मिलेगी। कहा कि मार्च 2023 तक इस्टर्न डेडिक्रेटेड फ्रेट कारिडोर को पूरी तरह से शुरू करना है। इस दौरान जीएमआर के सीइओ (चीफ एग्जीक्यूटिव अफसर) संजीव कुमार ने विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला। प्रयागराज डीएफसी लाइन पर बनने वाले ओवरब्रिज और पड़ने वाले पुल पुलियों की जानकारी हासिल की गई। साथ ही तय समय अवधि में काम को पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में वाराणसी-लखनऊ रूट पर मालगाड़ियों के परिचालन के लिए बनने वाले आठ किलोमीटर लंबे फ्लाई ओवर पर चर्चा की गई। कहा कि इसके निर्माण को गति दिया जाए। फ्लाई ओवर का निर्माण हो जाने के बाद से मालगाड़ियों के परिचालन में काफी सहूलियत होगी।