मोहनिया। कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदरा रेलवे कॉलोनी के पास बुधवार की रात दोस्तों के साथ पार्टी मनाने गये एक युवक पर बदमाशों ने तेजाब फेंक दिया गया। जिससे युवक बुरी तरह से झुलस गया। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गये। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे कुदरा थाना क्षेत्र के फकराबाद गांव निवासी महेश कुमार (20) को इलाज के लिए कुदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने महेश को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन महेश को गंभीर अवस्था में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ पहुँचे, जहां इलाज के दौरान युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल भभुआ से भी बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। जिसके बाद परिजन एंबुलेंस से युवक को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले गये। चिकित्सकों के अनुसार तेजाब के हमले से युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है।