पीडीडीयू नगर। नगर स्थित छुट्टे पशुओं को नगर पालिका प्रशासन पकड़ नहीं पा रहा है। नगर की कालोनियों में घूम रहे छुट्टा पशु लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। बुधवार को एक सांड़ ने कैलाशपुरी और रविनगर कालोनी में एक दर्जन लोगों को घायल कर दिया। संयोग ठीक रहा कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। बाद में सभासद प्रतिनिधि चंद्रकांत तिवारी उर्फ डब्बा की सूचना पर पहुंचे पशु पालन विभाग और नगर पालिका कर्मियों ने लोगों के सहयोग सांड़ को पकड़ लिया और अपने साथ ले गए।
बुधवार को कैलाशपुरी कालोनी में एक सांड़ ने अचानक से लोगों को मारना शुरू कर दिया। पहले लोगों ने उसे किसी तरह वहां से भगा दिया। कुछ देर बाद सांड़ फिर से क्षेत्र में घूमने लगा। इस दौरान आसपास आने वाले लोगों को सांड़ ने फिर से मारना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होते ही सभासद प्रतिनिधि ने इसकी सूचना पशु पालन विभाग और नगर पालिका को दी। शुरू में दोनों विभागों ने सांड़ को पकड़ने के इंतजाम नहीं होने की बात कहते हुए अपना-अपना पल्ला झाड़ लिया। बाद में दोनों विभागों के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड के सहयोग से पकड़कर पालिकाकर्मी वाहन से अपने साथ ले गए।