पीडीडीयू नगर। बिजली विभाग की लापरवाही से नगर के एक हिस्से के उपभोक्ताओं को मंगलवार की रात 11 बजे से बुधवार की पूर्वाह्न 11 बजे तक अंधेरे में रहना पड़ा। सिंचाई विभाग और कैलाशपुरी कॉलोनी के बीच टूटे बिजली के तार को जोड़ने में विभागीय कर्मियों को 12 घंटे लग गए। बिजली न रहने से बुधवार की सुबह लोगों को पानी के लिए भी काफी परेशानी उठानी पड़ी। पूर्वाह्न 11 बजे लाइट आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
चंदासी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े फीडर संख्या दो का एलटी तार बुधवार की रात 11 बजे के लगभग टूट गया। इससे लगभग डेढ़ सौ घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोग इंतजार करते रहे पर पूरी रात लाइट नहीं आई। इसके बाद जब सुबह भी लाइट नहीं आई तो लोगों ने बिजली विभाग में फोन किया इसके बाद भी टूटे तारों की मरम्मत करने कोई नहीं आया। जब लोगों ने विभाग के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई तब जाकर विभाग के कर्मी तारों को ठीक करने पहुंचे। टूटे तारों की मरम्मत करने में पूर्वाह्न के 11 बज गए। बिजली नहीं रहने से लोगों को पेय जल की दिक्कत हुई। इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ सतीश यादव ने बताया कि रात को जानकारी न हो पाने के कारण तारों की मरम्मत नहीं की जा सकी थी।