बबुरी । कस्बा में लगे ट्यूबवेल की खराब मोटर के ठीक होने के बाद पाइप के अभाव में पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। मंगलवार को किसानों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया और शीघ्र ट्यूबवेल चालू करने की मांग की।
बबुरी कस्बे में लगे ट्यूबवेल की मोटर कुछ माह पहले खराब हो गई थी। कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। समाजसेवियों के प्रयास के बाद विभाग के लोग सक्रिय हुए, जिस पर खराब मोटर को मरम्मत के लिए चंदौली भेज दिया गया। वहीं दो दिन बाद मोटर बन कर आ गई लेकिन उसके साथ लगी पाइप नहीं आई। जिस पर किसानों ने विभाग से पाइप भेजने की मांग की । वहीं कुछ लोगों ने बताया कि उनके प्रयास पर मोटर की मरम्मत हो सकी है। इस बात को लेकर किसानों ने आपत्ति जताई। इसके बाद कई दिन बीतने के बाद भी विभाग के लोगों ने ट्यूबवेल की पाइप नहीं भेजी, जिस पर ग्रामीणों ने कई बार विभाग के अधिकारियों से शिकायत भी की। आरोप है कि विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्या हल करने के बजाय उन्हें टालना शुरू कर दिया। मंगलवार को किसानों ने अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। ट्यूबवेल के शुरू नहीं होने कारण खेतों में लगे पौधे सूख रहे हैं। इस संबंध में अवर अभियंता मनोज कुमार भारती ने ड्राइवर के अस्वस्थ होने के कारण पाइप नहीं आने की बात की। इस दौरान किसान विजयी प्रजापति, काशी मौर्या, प्रेमचंद्र मौर्य, रामचंद्र मौर्य, भीष्म मौर्य, भारत, कैलाश, सारनाथ, हंसा, नारायण रहे।