नियामताबाद। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक में जीवनाथपुर विद्युत उपकेंद्र के पास मंगलवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। ट्रक चालक बाइक सवार को 30 मीटर तक घसीटता रहा। इसके बाद ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
शहाबगंज थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी पुष्पेश मौर्य (35) औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे वह बाइक से जा रहा था। जीवनाथपुर बिजली उपकेंद्र के पास ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक बाइक समेत पुष्पेश को करीब 30 मीटर तक घसीटता हुआ चला गया। इसके बाद चालक ट्रक खड़ा कर भाग गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी पुष्पेश के परिजनों को सूचना दी। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। ट्रक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।