नगर के राष्ट्रीय राज मार्ग संख्या दो पर शनिवार की रात ट्रक और ट्रैक्टर ट्राली की आमने-सामने टक्कर में ट्रैक्टर सवार 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए रोहतास जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
भोजपुर जिले के कुसुम्हा गांव निवासी 24 श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली से गुप्ता धाम (गुप्तेश्वर धाम) से दर्शन पूजन कर गांव लौट रहे थे। शनिवार की रात 11.30 बजे के करीब ट्रैक्टर जैसे ही रोहतास जिले के शिवसागर राष्ट्रीय राज मार्ग पर अउवा गांव के समीप पहुंचा तभी सामने से आ रहे ट्रक से आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई।
इससे ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इसमें मीना देवी (45), हजारो देवी (35), मालती देवी (35), दुर्गावती देवी (13), राम दिनेश सिंह (40), रविरंजन उर्फ छोटू (04), गंगौली देवी (52), पप्पू कुमार सिंह (32), रामदुलार सिंह (50), नागेंद्र सिंह (38) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं रामझारो देवी (60), लाकझारो देवी (50), ललीता देवी (57), सुनैना देवी (30), रीता देवी (40), शीतषादो कुंवर (60), रजुनी कुंवर (60), बेबी (15), रेशमा देवी (65), लालमुनी देवी (50), मनीक (76), सुजंती देवी (50) व बाकेश्वर सिंह (60) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां हालत गंभीर देख सुजंती देवी व बाकेश्वर सिंह को पटना और वाराणसी तथा बाकी घायलों को आरा रेफर कर दिया गया।