प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बहेरा मोड़ से ककरैत तक बनी सड़क रख-रखाव के अभाव में बदहाल हो गई है। मार्ग पर बिछाई गई गिट्टियां जगह-जगह उखड़ गई हैं और गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों के चलते मार्ग पर आवागमन करना मुश्किल हो गया है।
यूपी को बिहार से जोड़ने के लिए वर्ष 2012-13 में ककरैत से बहेरा मोड़ तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब सात किमी लंबे मार्ग का निर्माण कराया गया था। इसके बाद मानक के अनुरूप मरम्मत कार्य न कराए जाने से सड़क पर बिछाई गई गिट्टियां उखड़ गईं हैं। मार्ग पर कई जगह छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे मार्ग पर आवागमन काफी मुश्किल हो गया है। छह माह पूर्व सड़क की मरम्मत कराई गई थी । मरम्मत कार्य में मानक की अनदेखी के कारण फिर से गिट्टियां उखड़ गईं हैं। इस मार्ग से बिहार के अलावा कंदवा, कम्हरिया, ककरैत, करौती, असना, अमड़ा, ओयरचक, नई बाजार, बहेरा, अदसड़, बकौड़ी, सिसौरा, गौवाचावर, पई कुसी आदि गांवों के लोगों का आवागमन होता है। महत्वपूर्ण सड़क होने के बाद भी यह काफी दिनों से बदहाल है। कम्हरिया ग्राम प्रधान अंजनी सिंह और अदसड़ ग्राम प्रधान किरन सिंह ने बहेरा मोड़ से ककरैत तक की सड़क का पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन डीपी सिंह ने कहा कि शीघ्र ही विभाग के इंजीनियरों को भेजकर सड़क मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनवाया जाएगा। धन मिलने के बाद सड़क बनवा दी जाएगी।