पीडीडीयू नगर। दीपावली और डाला छठ पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित आवागमन के लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार शाम प्लेटफॉर्म संख्या दो स्थित सभागार में स्टेशन के विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षकों की बैठक हुई। स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर कई निर्णय लिए गए। निर्णय लिया गया कि ट्रेनें प्लेटफॉर्म से रवाना होते समय धीमी गति रखेंगी, ताकि प्लेटफॉर्म सुरक्षित तरीके से खाली हो सके।
विशेष परिस्थिति में प्लेटफॉर्म बदलने पर कम से कम 25 मिनट पहले उद्घोषणा करनी होगी। डाउन टीओडी ट्रेनों का ठहराव प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो पर होगा। विशेष परिस्थिति में ही इन्हें प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर लिया जाएगा। एक ही आइलैंड प्लेटफॉर्म पर दो टर्मिनेटिंग ट्रेनों के बीच कम से कम 30 मिनट का अंतराल रखा जाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए फुट ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म संख्या एक व दो पर आरपीएफ की अधिकतम तैनाती रहेगी। एस्केलेटर के पास 24 घंटे बिजली विभाग का एक कर्मचारी मौजूद रहेगा। ट्रेनों में पानी की उपलब्धता और सभी वाटर बूथों पर निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्लेटफॉर्म की नियमित सफाई और कूड़े के निस्तारण की आवृत्ति भी बढ़ाई जाएगी। भीड़ बढ़ने पर बुकिंग सुपरवाइजर को तत्काल अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने होंगे। रेलकर्मियों को यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और पार्सल सामग्री को फुट ओवरब्रिज या यात्रियों के आवागमन वाले स्थानों पर नहीं रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में एसएस टू एसके सिंह, सीएसजी एनके मिश्र, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक राहुल, डिप्टी एसएस एमके चौधरी, एम पांडेय और संजीव रंजन सहित अन्य रेलकर्मी मौजूद रहे। संवाद