होली से पहले ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। रेलवे की ओर से होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन कई ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्री नियमित ट्रेनों में सवार हो रहे हैं। ऐसे में भीड़ संभालने में जीआरपी और आरपीएफ को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। पूर्वांचल और बिहार से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, कोटा और सिकंदराबाद जैसे शहरों में रहते हैं। इस वर्ष दो मार्च को होलिका दहन और चार मार्च को होली मनाई जाएगी। ऐसे में होलिका दहन की पूर्व संध्या पर ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ देखी गई। डाउन ट्रेनों में सर्वाधिक भीड़ रही।
रविवार को ब्रह्मपुत्र मेल, कोटा-पटना एक्सप्रेस, सिकंदराबाद एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, संघमित्रा एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रही। स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या अधिक रही।
भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ ने विशेष योजना बनाई है और जगह-जगह विशेष ड्यूटी लगाई गई है। रविवार सुबह से ही भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग की टीमें तैनात रहीं। इस संबंध में आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी की टीमें लगातार सक्रिय हैं।
आरपीएफ ने अभियान चलाकर यात्रियों को किया जागरूक
पीडीडीयू नगर। होली को देखते हुए ट्रेनों में बढ़ी यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर रविवार को आरपीएफ ने स्टेशन परिसर में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों को जहरखुरानों से सतर्क रहने और अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करने की सलाह दी गई। आरपीएफ पीडीडीयू पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में आरपीएफ टीम और पटना से आई जीआरपी के जवानों ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों को जागरूक किया। यात्रियों से चलती ट्रेन में दौड़कर न चढ़ने और न उतरने की अपील की गई। बताया गया कि ट्रेनों में नशाखुरानी गिरोह सक्रिय रहते हैं, जो नशा खिलाकर यात्रियों का सामान लेकर फरार हो सकते हैं। अभियान में एसआई रामनरेश राम, अर्चना कुमारी मीणा, एएसआई राकेश कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी आर. पांडेय आदि शामिल रहे।