सोहन ने साइकिल रोक दी और भाभी से बात करने लगा। इसी बीच, दूसरी तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल को टक्कर मार दी। धक्के से सोहन ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गया और कुचलने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, धक्के से चंदा देवी भी चोटिल हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन मौके पर जुटे ग्रामीणों ने उसको पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। इस बीच आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग करते हुए सडक जाम कर दिया।
वहीं घटनास्थल पर एसडीएम पीडीडीयू नगर अनुपम मिश्र, सीओ सदर अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय कोतवाल संतोष कुमार सिंह, अलीनगर थानाध्यख अनिल कुमार पांडेय आदि पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गांजा की बिक्री हो रही है। ऐसे में चालक नशे में धुत होकर वाहन चला रहे हैं। वहीं इस मार्ग पर भारी वाहनों का लगातार आवागमन हो रहा है।
इससे दुर्घटनाएं हो रही है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार वालों को दस लाख रुपये मुआवजा, बच्चों की पढ़ाई और भरण पोषण की व्यवस्था करने की मांग की। बाद में एसडीएम अनुमप मिश्र ने आश्वासन दिया कि मृतक आश्रित को आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा।
वहीं बच्चों की पढ़ाई के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से शिक्षा के लिए सहायता राशि , महिला को विधवा पेंशन दिलाया जाएगा। वहीं चालक के के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद शाम साढ़े 4 बजे जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
बच्चों का विलाप सुनकर दहला बड़ों का दिल
ट्रक की चपेट में आने से सोहन बेनवंशी की मौत के बाद परिवार वालों का रो रोकर हाल बेहाल हो गया। पत्नी और बच्चों के विलाप से बडों का दिल दहल गया। सोहन वेल्डर था और लोहे की वेल्डिंग कर परिवार का भरण पोषण करता था।
सोहन और उसकी पत्नी रीना से चार बच्चियां क्रमश: रोशनी (7), लक्ष्मी (4), दीपा (3) और अनुराधा (छह माह) हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही रीना का तो रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। वहीं, सात वर्षीय रोशनी बार बार यही पूछ रही थी कि मम्मी पापा काहें सुतल हउवन, उठत काहे नइखन, यह सुनकर वहां मौजूद लोगों के दिल दहलजा रहे थे और वे आंसू नहीं रोक पा रहे थे।