चंदौली। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को सड़क पर उतार दिया गया। सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने मझवार स्टेशन के सामने से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक से लैस वाहनों की मदद से ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंटबाजी और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
इंटरसेप्टर वाहनों में स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन, वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइज़र, अल्कोहल मीटर, लाल-नीली चेतावनी बत्ती और हूटर सहित कई अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इन उपकरणों की सहायता से वाहन चालकों की गतिविधियों पर डिजिटल निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर ही कार्रवाई की जा सकेगी।
पुलिस के अनुसार इन इंटरसेप्टर वाहनों की तैनाती राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों, प्रमुख संपर्क मार्गों, नगर क्षेत्रों तथा दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थानों पर की जाएगी। विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, रैश ड्राइविंग, स्टंटबाजी, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन तथा प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे, ताकि लोग स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों।